मंदिर में शादी रचाते प्रेमी युगल
- फोटो : अमर उजाला
औरैया जिले में रुरुगंज चौकी क्षेत्र के गांव बराहार निवासी युवक ने रविवार को अपनी प्रेमिका के साथ बिधूना के शंकर जी के मंदिर में एक-दूसरे से शादी रचाई। इस दौरान दोनों के परिवारीजनों ने खुशी-खुशी शामिल होकर दोनों को आशीर्वाद दिया।
दिल्ली में किराए के मकान में पांच सालों से रहकर गैस रिपेयरिंग का काम करने वाले औरैया जिले के गांव बराहार निवासी अमन पुत्र हरिराम का उसी किराए के मकान में रहने वाली मुस्लिम समुदाय की लड़की रेशमा बेगम से प्रेम प्रसंग हो गया।
इस पर दोनों पहले चुपके-चुपके एक-दूसरे से मिलने लगे। दोनों के मिलने की जानकारी जब लड़की के परिजनों को हुई तो उन्होंने इस पर आपत्ति जताई। लेकिन प्यार के सुरूर में बह चुके प्रेमी जोड़े ने परिवार की ओर से की जा रही आपत्ति को अनदेखा कर अपने मिलने का सिलसिला जारी रखा।
इस दौरान लड़की के परिजनों ने लड़के को धमकियां भी दीं। लेकिन इन सबसे बेखबर प्रेमी जोड़ा आपस में शादी रचाने की योजना बनाने लगे। जब लड़की पक्ष द्वारा कई बार दी गई हिदायत के बाद भी दोनों ने मिलना नहीं छोड़ा तो फिर लड़की पक्ष के लोगों को प्रेमी युगल के सामने झुकना ही पड़ा।
हालांकि शादी के लिए परिजन तैयार तो हो गए लेकिन उन्होंने दोनों के सामने एक शर्त रख दी। जिसके तहत शादी दिल्ली में न होकर लड़के के गांव में होने की बात कही। इस पर शनिवार शाम अमन अपनी होने वाली पत्नी रेशमा को लेकर अपने गांव बराहार पहुंच गया।
जहां रविवार को बिधूना में शंकरजी के मंदिर पर जाकर दोनों ने भगवान को साक्षी मानते हुए एक-दूसरे को अपना जीवन साथी बना लिया। इस मौके पर लड़का व लड़की पक्ष के लोगों ने मौजूद रहकर दोनों को आशीर्वाद दिया।