उत्तर प्रदेश में फतेहपुर जिले के असोथर थानाक्षेत्र के एक गांव में किशोरी की प्रेमी ने अपने साथी संग मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने प्रेमी को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ के दौरान प्रेमी ने बताया कि प्रेमिका उससे लॉकडाउन में ही घर से भाग चलने की जिद कर रही थी।
न मानने पर गला दबाकर मारने के बाद एक दोस्त की मदद से भूसा भरने की झाल में भरकर सूखे कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने प्रेमी की निशानदेही पर बीस दिन बाद शव बरामद किया है। पुलिस अभी प्रेमी के दोस्त तक नहीं पहुंच सकी है। इधर, शव को सड़ी-गली हालत में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
गांव के एक नाई परिवार की सत्रह वर्षीय किशोरी का गांव के ही एक ठाकुर बिरादरी के अविवाहित युवक से एक साल से प्रेम संबंध था। युवक की उम्र करीब 22 साल है। सात अप्रैल की रात किशोरी घर से लापता हुई थी। उसके पिता ने 12 अप्रैल को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।