मध्य प्रदेश ने मंगलवार को प्रीति यादव की शानदार गेंदबाजी (छह विकेट) की बदौलत रेलवे को 23 रन से हराकर वूमेन क्रिकेट अंडर-23 जोनल लीग जीत ली। पांच मैचों में 20 अंक के साथ मध्य प्रदेश की टीम टॉप पर रही।
एमपी के 174 रन के जवाब में रेलवे की टीम 42.4 ओवर में 151 रन बनाकर आल आउट हो गई। ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रेलवे ने टास जीतकर पहले फील्डिंग करने का निर्णय किया। मध्य प्रदेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहला विकेट 31 रन पर गिर गया।
33 रन पर दूसरा विकेट गिरने के बाद नुजहत 41 रन ने चारु 10 रन के साथ टीम का स्कोर 57 पहुंचाया। इसी स्कोर पर मध्य प्रदेश का तीसरा विकेट गिरा। पूजा चौधरी 35 रन, यशी पांडेय 21 रन की मदद से टीम का स्कोर 174 तक पहुंचा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेलवे की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। 32 रन पर टीम का पहला विकेट गिरा।
कोमल होरा 38 रन, सेफाली चौधरी 24 और अनीता 19 रन ने संघर्ष दिखाया पर प्रीति की घातक गेंदबाजी के आगे टीम के खिलाड़ी एक-एक करके आउट होते गए। प्रीति ने 8.4 ओवर में 28 रन देकर छह विकेट चटकाए। चारु ने दो. तरंग झा व तमन्ना ने एक-एक विकेट लिए।
अतिरिक्त रनों ने लुटिया डुबोई
रेलवे के बालरों की गलती से एमपी को मिले अतिरिक्त रनों ने उसकी लुटिया डुबो दी। 23 रन से हारने वाले रेलवे ने इतने ही रन एमपी को अतिरिक्त दिए। यदि उसके बालरों ने सही लाइन लेंथ से गेंदबाजी की होती तो रेलवे मैच जीत सकता था।