चित्रकूट जिले की सीमा से सटे मध्य प्रदेश के विटमा मढ़ई गांव में प्रेमी युगल ने आत्महत्या कर ली। घर वालों के शादी से इन्कार करने पर युवती ने गले में फंदा कसकर जान दे दी। युवती की खुदकुशी की जानकारी मिलते ही युवक भी फंदे से झूल गया।
वाकया मध्य प्रदेश के धारकुंडी थाना क्षेत्र का है। थाना प्रभारी विक्रम पाठक ने बताया कि विटमा मढई गांव निवासी सुखेंद्र साकेत (23) का गांव की सजातीय सुप्रिया साकेत (19) से दो साल से प्र्रेम प्रसंग चल रहा था। सुखेंद्र मुंबई में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था।
लॉकडाउन के दौरान वह गांव लौट आया था। प्रेम प्रसंग की जानकारी दोनों के परिजनों को थी, लेकिन वे शादी को तैयार नहीं थे। रविवार को इसी बात पर युवती की मां ने सुप्रिया को डांटा तो क्षुब्ध होकर उसने घर के पास ही एक पेड़ में दुप्पटे से फंदा बांधकर फांसी लगा ली।
पता चलते ही घर वाले उसे अस्पताल ले गए, जहां मृत घोषित कर दिया गया। प्रेमिका के जान देने की जानकारी मिलते ही सुखेंद्र गांव के बाहर एक बागीचे में गया और फांसी लगा ली। थाने के टीएसआई आरएन रावत ने बताया कि दोनों परिवारों से किसी ने अभी कोई शिकायत या आरोप नहीं लगाया है।