उन्नाव जिले के पुरवा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह प्रेमी युगल के शव पेड़ से लटके मिलने से हड़कंप मच गया। मोहल्ला पश्चिम टोला निवासी पिंकू (19) पुत्र मुन्नी ने 10वीं तक पढ़ाई की थी। लगभग दो वर्ष से उसका मोहल्ले की परिवारिक 18 वर्षीय भतीजी से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
युवती कक्षा 11 की छात्रा थी। दोनों शादी भी करना चाहते थे। हालांकि दोनों के परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। परिजनों के विरोध पर प्रेमी युगल ने साथ मरने का फैसला लिया। शनिवार को पिंकू मुंबई जाने की बात कहकर घर से निकला था।
सोमवार सुबह घर से 1 किमी. दूर खेत में आम के पेड़ की डाल से दोनों के शव एक ही रस्सी से लटके मिले। खेत गए मोहल्ले के लोगों ने शव देखकर परिवारीजनों को जानकारी दी। सूचना मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है। सीओ रमेशचंद्र प्रलयंकर ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।