उत्तर प्रदेश में हरदाेई के हरपालपुल के एक खेत में पीपल के पेड़ से प्रेमी युगल ने फांसी लगा ली। घटना की जानकारी पर दोनों के परिजन मौके पर पहुंचे गए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे सीओ ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अरवल थाना क्षेत्र के ग्राम कढि़लेपुरवा निवासी संदीप (२०) पुत्र राम नारायण दिल्ली में सिलाई का काम करता था। लॉकडाउन के चलते वह वापस गांव लौट आया था और तब से यहीं रह रहा था। पिछले एक साल से उसका प्रेम प्रसंग तीन किलोमीटर दूर स्थित गांव नारायणपुर निवासी उपासना (२०) के साथ चल रहा था।
उपासना एक प्राइवेट स्कूल में नर्सरी के बच्चों को पढ़ाती थी और खुद भी कन्नौज के तिर्वा के एक कॉलेज में पढ़ रही थी। शुक्रवार की सुबह संदीप और उपासना के शव दोनों गांवों के बीच में गंगा नदी से कुछ ही दूरी पर एक खेत में लगे पीपल के पेड़ पर फांसी से लटकते मिले। घटना की जानकारी सुबह खेत पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों के परिजनों को दी, तो दोनों के परिजन मौके पर पहुंच गए।