‘तुम चाचा बन गए कहकर नशीला लड्डू खिला ई-रिक्शा लूटने वाले तीन ठगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये ई-रिक्शा बुक करके एक अस्पताल में जाते थे। कुछ देर बाद लौटकर आते और उनमें से एक बदमाश कहता कि वह बाप बन गया है। इसके बाद चालक को अपने पास पहले से रखे नशीले लड्डू खिला देते। चालक के बेहोश होते ही उसका ई-रिक्शा लेकर भाग जाते थे और बेच देते थे।
चकेरी थाने में मंगलवार को सहायक पुलिस अधीक्षक गौरव बंसवाल ने प्रेसवार्ता कर बताया कि सोमवार देर रात उन्नाव के थाना माखी के गांव कुटरा निवासी गुड्डू उर्फ राकेश मिश्रा, ओमपुरवा के अधेड़ मुंशीलाल पासी और पुरानी चुंगी गंगाघाट संजय नगर खलुआ छावनी के अनिल कुमार जायसवाल को जाजमऊ से पकड़ा गया।
पूछताछ में इन्होंने ठगी की बात कबूल की। यह भी बताया कि वे किस तरह से ई-रिक्शा चालकों को शिकार बनाते थे। गिरोह के सरगना अनिल कुमार जायसवाल के पास से पुलिस ने डेढ़ लाख रुपये, दो डिब्बे लड्डू और दो मोबाइल बरामद किए हैं। इसके बाद इनकी निशानदेही पर एक इनोवा और चार ई- रिक्शा भी कब्जे में लिए गए हैं। लड्डू के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
वहीं थाने पहुंची अनिल की पत्नी कमलेश ने बताया कि सोमवार सुबह 11 बजे श्यामनगर में प्लाट का बयाना देने के लिए डेढ़ लाख रुपये जे जा रहे थे। तभी पुलिस ने पकड़ लिया। अब उन्हें झूठा फंसाया जा रहा है। इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह के मुताबिक ये कानपुर और उन्नाव के आसपास की वारदात करते थे। इनके रैकेट में और भी कई लोग हो सकते हैं, इसके लिए पुलिस इन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। अनिल जायसवाल पर तार चोरी, गुंडा एक्ट समेत आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।