आनंद विहार से भागलपुर जा रही विक्रमशिला एक्सप्रेस के जनरल बोगी में जांच पड़ताल के नाम पर सिविल ड्रेस में पहुंचे जीआरपी के दो जवानों ने यात्रियों से मारपीट कर लूटपाट की।
कानपुर देहात के झींझक स्टेशन पर राजधानी को पास करवाने के दौरान विक्रमशिला को रोकना पड़ा। इस बीच गुस्साए यात्रियों ने प्लेटफार्म पर उतर कर नारेबाजी और जमकर हंगामा किया।
मामला बिगड़ता देख सूचना पर मंगलपुर थाने की फोर्स भी पहुंच गई। थानाध्यक्ष एसए पुढीर ने बताया कि गुस्साए यात्रियों ने सिपाहियों से मारपीट की। इनमें से एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया है।
गुरुवार की रात 9:23 बजे राजधानी ट्रेन को पास करवाने के लिए झींझक स्टेशन पर जैसे ही विक्रमशिला एक्सप्रेस रुकी। लूटपाट के शिकार हुए यात्री अपनी अपनी जनरल बोगियों सेे उतर आए।
लूटपाट करने वाले सिपाहियों की खोज स्टेशन के प्लेटफार्म पर करने लगे। यात्री राधेश्याम, सूरज, मोहम्मद, कुंज बिहारी आदि यात्री स्टेशन मास्टर के कमरे में घुस गए और सिपाहियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग करने लगे।
हंगामा और बवाल देखकर जीआरपी और आरपीएफ के जवान वहां से खिसक लिए। यात्रियों का जब गुस्सा और ज्यादा बढ़ा तो वे स्टेशन स्थित जीआरपी चौकी पर जा धमके।
इसके बाद सिपाही राजेश को पकड़कर जमकर पीटा। बवाल बढ़ने पर स्टेशन मास्टर महेश कुमार ने मंगलपुर पुलिस को सूचना दी। मंगलपुर थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचकर यात्रियों का शांत करवाया और घायल सिपाही को सीएचसी भेजा।
इधर, बवाल शांत होने पर विक्रमशिला एक्सप्रेस को 11:55 पर रवाना किया गया। खबर लिखे जाने तक किसी भी ओर तहरीर नहीं दी गई थी।