एक दिन पहले कानपुर के बिठूर में शराब कंपनी के मैनेजर से हुई साढ़े चार लाख की लूट का पुलिस सुराग तक नहीं लगा सकी थी कि सोमवार को कल्याणपुर के रोशन नगर में दिनदहाड़े लूट हो गई। दो बदमाश एक दुकान में ग्राहक बनकर घुसे और तमंचा सटाकर गल्ले से 50 हजार लूट ले गए। इस बार भी पुलिस लकीर पीटती रह गई।
चमनगंज निवासी एसजी अब्बास की रोशन नगर में सेनेटरी आइटमों की दुकान है। अब्बास ने बताया कि दोपहर करीब तीन बजे ग्रे-कलर की स्कूटर से दो लोग दुकान पर आए। एक की उम्र करीब 50 वर्ष व दूसरे की 30 वर्ष थी। अधेड़ ने सेनेटरी आइटम देने को कहा। वह आइटम नोट कर रहे थे तभी दूसरा बदमाश काउंटर के अंदर आया और गल्ले से रुपये निकालने लगा।
अब्बास के विरोध करते ही बदमाश ने तमंचा उनकी कमर में सटा दिया। बोला, चुपचाप बैठे रहना, हिले या चिल्लाए, तो गोली खाओगे। बकौल अब्बास वह डर से चुपचाप कुर्सी पर बैठे रहे। बदमाशों ने 50 हजार बटोरे और स्कूटर से भाग निकले। बाद में कल्याणपुर पुलिस ने व्यापारी और आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे। एसएसआई वीरेंद्र यादव ने बताया कि लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। व्यापारी के बताए हुलिए के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।