झींझक। होली पर किसी तरह सफर तय कर घर आने वाले लोग अब काम पर वापसी कर रहे हैं लेकिन इनका सफर आसान नहीं होगा। ट्रेनों में लंबी वेटिंग के चलते परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
परिजनों के साथ होली मनाने के लिए आने वाले कई लोगों ने वापसी के लिए पहले से रिजर्वेशन करा रखा है लेकिन कई के टिकट कन्फर्म न होने से समस्या हो रही है। दिल्ली की तरफ से आने वाली अधिकांश ट्रेनों में 10 मार्च तक वेटिंग चल रही है। इनमें रीवा एक्सप्रेस में 25 वेटिंग दिखा रहा है। गोमती में 34, महानंदा एक्सप्रेस में 14, मुरी एक्सप्रेस में 35, ऊंचाहार में 36, प्रयागराज-लालगढ़ एक्सप्रेस में 55 वेटिंग चल रहा है। वहीं, देहरादून एक्सप्रेस में 32, आगरा कैंट एक्सप्रेस में 55 वेटिंग बता रहे हैं।
कुछ यही स्थिति कानपुर से दिल्ली की तरफ जाने वाली ट्रेनों की भी है। इनमें 12 मार्च पर तक वेटिंग चलने के कारण कई यात्री जनरल कोच से सफर करने मजबूर हैं। आरक्षण खिड़की पर जानकारी करने पर बताया गया कि गोमती एक्सप्रेस में 30, ऊंचाहार एक्सप्रेस में 51, देहरादून एक्सप्रेस में 63, प्रयागराज-लालगढ़ में 42, महानंदा एक्सप्रेस में 23 और मुरी एक्सप्रेस में 75 वेटिंग चल रही है। स्टेशन अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि त्योहार के चलते ट्रेनों में सीट रिजर्वेशन के लिए वेटिंग चल रही है। इधर रेल प्रशासन ने होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी किया है। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को सहूलियत मिल रही है।