पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल, राज्यसभा सदस्य डॉ. अशोक वाजपेयी
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य और पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल ने कहा है कि यह लोकसभा चुनाव देश का चुनाव है। जाति धर्म को भूलकर देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। रविवार को हरदोई जिले के सुरसा विकास खंड के बम्हनाखेड़ा, लालपालपुर और बावन विकास खंड के ग्राम भूराटीकुर में भाजपा प्रत्याशी जयप्रकाश के पक्ष में जनसभाओं में पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले कई बार ऐसे मौके आए जब भारत को विश्व में कमजोर आंका गया। नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद पूरे विश्व में भारत मजबूत शक्ति के रूप में उभरा है।
भाजपा के राज्यसभा सदस्य पूर्व मंत्री डॉ. अशोक वाजपेयी ने हरदोई लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी जयप्रकाश के समर्थन में जनसभाएं कीं। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियां बताकर नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने के लिए जयप्रकाश को जिताने की अपील की। शनिवार देर शाम सांडी तिराहा स्थित एक कोल्ड स्टोर परिसर में आयोजित जनसभा में सांसद डॉ. अशोक वाजपेयी ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाएं जाति धर्म से ऊपर उठकर संचालित की गईं।