लॉकडाउन की हर रोज उड़ती धज्जियां
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना वायरस से बचने के लिए लगातार चल रहे लॉकडाउन और सामाजिक दूरी का पालन करने के आदेश की लोग सब्जी मंडी, मेडिकल स्टोर और किराना की दुकानों पर धज्जियां उड़ाते हुए हर रोज नजर आ रहे हैं। पुलिस सख्त होने के बाद भी लोग लापरवाही बरत रहे हैं।
जिले के अकबरपुर, रूरा, झींझक, डेरापुर, रसूलाबाद, शिवली, मैथा, रनियां, राजपुर, संदलपुर, सिकंदरा समेत कई कस्बों में प्रशासन की तरफ से लोगों को डोर टू डोर सामान पहुंचाने के लिए दुकानदारों के नंबर जारी किए थे। फिर भी लोग खरीदारी करने बाजार पहुंच रहे हैं।
सोशल डिस्टेंस का पालन न करना लोगों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। वहीं रूरा के गहलों गांव में रविवार को साप्ताहिक बाजार लगी, तो सब्जी आदि सामान खरीदने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। कोई भी सोशल डिस्टेंस का पालन करता नहीं नजर आया।
इसकी सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। वहां मौजूद सब्जी ठेलियों को दूर-दूर लगवाया साथ ही 11 बजे तक ठेली लगाने और दुकान खोलने के निर्देश दिए। साथ ही लॉकडाउन के उल्लंघन के मामले में 22 लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी की है।