कानपुर देहात। कोरोना संक्रमण के तेजी से बढ़ते मामलों के कारण दो दिनों का लॉकडाउन शुक्रवार रात दस बजे से शुरू हो गया है। यह 13 जुलाई सुबह पांच बजे तक चलेगा। इस दौरान सभी कार्यालय, बाजार, गल्ला मंडी, व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। डीएम ने यह आदेश जारी कराते हुए सख्ती से पालन कराने को कहा है।
अनलॉक-दो में सरकार की ओर से कई रियायत दी गई। लोगों के जागरूक न होने से कोरोना संक्रमण में तेजी आई है। इस पर रोकथाम के लिए मुख्य सचिव ने दो दिनों का लॉकडाउन करने का आदेश जारी कर दिया। डीएम राकेश कुमार सिंह ने बताया कि 10 जुलाई की रात दस बजे से लॉकडाउन का आदेश प्रभावी हो जाएगा। यह 13 जुलाई की सुबह पांच बजे तक रहेगा। इस अवधि में चिकित्सा व आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पूर्व की तरह रहेगी। इनसे जुड़े व्यक्तियों, कोरोना वॉरियर, स्वच्छता कर्मियों के आवागमन पर प्रतिबंध नहीं होगा। उन्होंने बताया कि रेल से आने वाले यात्रियों को ले जाने की व्यवस्था रोडवेज बसों के जरिये की जाएगी।
औद्योगिक कारखाने खुले रहेंगे। इनमें सामाजिक दूरी के जरिये काम होगा। दो दिनों के लॉकडाउन में एक्सप्रेस-वे, बड़े पुल, सड़क, लोक निर्माण विभाग के बड़े निर्माण, सरकारी भवन व निजी प्रोजेक्ट जारी रहेंगे। मालवाहक वाहनों के आवागमन में छूट रहेगी। राष्ट्रीय व राज्यमार्गों में परिवहन जारी रहेगा। इसके किनारे स्थित पेट्रोल पंप व ढाबे भी पहले की तरह खुले रहेंगे।