दिल्ली-गाजियाबाद बॉर्डर पर फंसे हजारों यात्रियों को उनके शहरों में छोड़ने के लिए कानपुर क्षेत्र की 150 बसें गई हैं। इसमें 82 बसें कानपुर के अलग-अलग चारों डिपो से और 68 बसें उन्नाव और फतेहपुर से गई हैं।
डिपो से सैनिटाइज्ड बसें ही रवाना की गई हैं। ये यहां से किसी भी यात्री को लेकर नहीं गई हैं, क्योंकि बसों में जो भी यात्री बैठाया जाएगा, उसकी थर्मल स्क्रीनिंग जरूरी है। दिल्ली से आने वाले यात्रियों को इन बसों में बैठाकर उनके जिलों में पहुंचाया जाएगा।
विकास नगर डिपो के एआरएम दीपक चौधरी ने बताया कि विकास नगर डिपो की 22 जनरल बसें भेजी गई हैं। कानपुर में किदवई नगर, आजाद नगर और फजलगंज डिपो के अलावा फतेहपुर और उन्नाव डिपो की बसें भेजी गई हैं। कहा गया है कोरोना का वायरस ठंडे और कम तापमान में सक्रिय रहता है। इस लिए एसी बसों को नहीं भेजा गया है। रोडवेज प्रबंधन पूरी तरह से एहतियाती कदम उठा रहा है।