कानपुर के मोतीझील में चार व पांच अक्तूबर को लगने वाला लोन मेला अब कानपुर देहात के माती मुख्यालय में लगेगा। गोविंद नगर विधानसभा में उपचुनाव की आचार संहिता लागू होने से कानपुर नगर में इस आयोजन के लिए अनुमति नहीं मिली।
लीड बैंक मैनेजर एके वर्मा ने बताया कि पहले केंद्र सरकार की गाइड लाइन के हिसाब से आयोजन की तैयारी हुई। बाद में जिला प्रशासन ने चुनाव आचार संहिता का हवाला दिया। इस वजह से ऐन मौके पर कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा है।
बताया कि लोन मेला अब सामुदायिक केंद्र, ईको गार्डन माती में लगेगा। सिर्फ कार्यक्रम का स्थल बदला है। शेष रूपरेखा पूर्ववत रहेगी। सभी बैंकों, गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनियों, हाउसिंग फाइनेंस कंपनियों, सिडबी व नाबार्ड आदि के स्टॉल लगेंगे।
बायोमीट्रिक तरीके से नए खाते खोले जाएंगे। नए आधार कार्ड बनेंगे। पुराने आधार कार्ड में संशोधन कराया जा सकेगा। जैम पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के तरीके भी बताए जाएंगे। इसके अलावा नए उद्योग व व्यापार शुरू करने के बारे में विभागों द्वारा जानकारी दी जाएगी।