कानपुर। राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद उत्तर प्रदेश की ओर से बुधवार से कानपुर समेत प्रदेश की 220 मंडियों में जियो टैग एप के माध्यम से लोडिंग एवं अनलोडिंग की व्यवस्था लागू की जा रही है। इसका व्यापारी विरोध कर रहे हैं। वहीं, भारतीय कृषि उत्पाद उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने नई व्यवस्था के विरोध में राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के संभागीय उपनिदेशक प्रशासन को ज्ञापन साैंपा है।
भारतीय कृषि उत्पाद उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्रा ने बताया कि राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद, उत्तर प्रदेश की ओर से प्रदेश के अंदर कृषि उपज की खरीद-बिक्री के लिए 6-आर, 9-आर, गेट पास की आनलाइन व्यवस्था की गई है। इसी तरह अन्य राज्यों से कृषि उपज लाने के लिए प्री-अराइवल स्लिप जारी करने की ऑनलाइन व्यवस्था भी पहले से ही लागू है। इसके बाद भी जियो टैग एप से लोडिंग-अनलोडिंग की व्यवस्था एक जुलाई से दो महीने के लिए प्रयोग के तौर पर लागू की जा रही है। इसमें कृषि उत्पाद आधारित उद्योगों से माल भेजने समय और संबंधित स्थान पर पहुंचने के बाद प्रत्येक बार वाहन संख्या टैग करना अनिवार्य होगा। इससे गल्ला मंडियों और किराना बाजार से अन्य जिलों में भेजे जाने वाले छोटे वाहनों को भी गेट पास बनवाना होगा। ऐसे वाहन जब माल लेकर ट्रांसपोर्टर के पास पहुंचेंगे तो फिर से वाहन टैगिंग करना होगा। यह व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है। आखिर जब वाहन बदल जाएगा तो टैगिंग कैसे हो पाएगी।
इस मौके पर अजय वाजपेयी, गोपाल शुक्ला, राजेन्द्र मिश्र, रजत गुप्ता, संजय भदौरिया, राम किशोर गुप्ता, आनंद मिश्र, श्यामजी ओमर, आशू गुप्ता, संदीप तिवारी , गोपाल वर्मा, महेश गुप्ता, अनिल चावला आदि रहे।