कानपुर में उरई से शहर आए कारोबारियों की नवीन मार्केट पार्किंग में खड़ी कार से टप्पेबाज ने दो बैग पार कर दिए। बैग में 4.70 लाख रुपये थे। सूचना पर मौके पर पहुंचे स्थानीय कारोबारियों ने खुलासे की मांग करते हुए जमकर हंगामा काटा।
उरई के पटेल नगर निवासी अमित तोमर व रामनगर के रोहित गुप्ता इलेक्ट्रिक सामान का कारोबार करते हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार शाम वे शहर आए थे। उन्होंने अपनी कार नवीन मार्केट की पार्किंग में लगाई और दो साथियों को उसमें बैठाकर बाजार चले गए।
साथियों के अनुसार काली टीशर्ट पहने करीब 35 वर्षीय युवक आया। उसने कहा कि कार पंचर है। जैसे ही कार से उतरकर टायर चेक करने लगे, टप्पेबाज ने कार में रखे दो बैग पार कर दिए। अमित ने बताया कि एक बैग में दो लाख, दूसरे बैग में 2.70 लाख रुपये थे।
उन्होंने घटना की जानकारी कानपुर उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री विनोद गुप्ता को दी। इस पर वे मुकुंद मिश्रा, ईश्वर वर्मा, कृपाशंकर त्रिवेदी, नवीन मार्केट अध्यक्ष अश्वनी कोहली, उपाध्यक्ष विनय अरोड़ा संग पहुंचे और हंगामा किया। कारोबारियों ने कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाली इंस्पेक्टर रण बहादुर सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।