कानपुर। जाजमऊ निवासी जूते और घोड़े की जीन के एक्सपोर्टर से 2.66 करोड़ की साइबर ठगी के मामले में सोमवार को पीड़ित कारोबारी ने पिता के साथ साइबर थाने पहुंचे। पीड़ित ने ठगी में इस्तेमाल बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, एप और वेबसाइट की जानकारी पुलिस को दी। साइबर थाना इंस्पेक्टर अभय सिंह के मुताबिक, मामले के तार सिंगापुर से जुड़ रहे हैं। आरोपियों तक पहुंचने के लिए दूतावास की मदद भी लेनी पड़ सकती है।
डिफेंस कॉलोनी निवासी मोहम्मद अहमद का जाजमऊ के तिवारीपुर में कारखाना है। उन्होंने बताया कि छह जून को फिनसोल प्राइवेट लिमिटेड में पांच हजार रुपये निवेश किए थे, जिस पर उन्हें मुनाफा मिला। इसके बाद व्हाट्सएप पर अनन्या कुलकर्णी नाम की महिला से बातचीत शुरू हुई। उसने अधिक लाभ का लालच देकर कंपनी का एप डाउनलोड कराया। जून से अक्तूबर के बीच अहमद ने कुल 2.66 करोड़ रुपये निवेश कर दिए।
सोमवार को पिता-पुत्र ने पुलिस को उन खातों का ब्योरा दिया, जिनमें रकम ट्रांसफर की गई थी। ठगों के चार मोबाइल नंबरों की सीडीआर जांच में 10 और संदिग्ध नंबर मिले हैं। इनमें कई अब भी सक्रिय हैं। अहमद के पिता ओआर लारी ने बताया कि वह 52 साल से कारोबार कर रहे हैं, लेकिन कभी ऐसे लालच में नहीं पड़े थे।