यूपी के उन्नाव जिले में शनिवार को हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से लाइनमैन की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने जमकर हंगामा किया। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान ग्रामीणों व पुलिस में झड़प हो गई।
यह घटना असोहा थाना क्षेत्र के शिवसिंहखेड़ा गांव की है। यहां पंकज यादव (21) पुत्र बहादुर दरसवा पावर स्टेशन में चार माह से संविदाकर्मी था। वह पावर स्टेशन में हाईटेंशन लाइन का बाइकर खोल रहा था। अचानक करंट की चपेट में आ गया।
आनन-फानन में परिजनों ने उसे सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से आक्रोषित परिजनो ने ग्रामीणों संग पुरवा उन्नाव मार्ग पर सीएचसी गेट के सामने जाम लगा हंगामा किया।
मौके पर पहुंचे अधिशाषी अभियंता व एसडीओ ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान तीखी झड़प भी हुई। परिजनों के न मानने पर जाम से यातायात व्यवस्था बिगड़ गई। वाहनों की लंबी कतार लगने से लोग घंटों जाम में फंसे रहें।