चौबेपुर थाने के टाप टेन अपराधियों की सूची न देख पुलिस को आदेशित करते आईजी कानपुर जोन।
- फोटो : DEHAT
चौबेपुर (बिल्हौर)। बिकरू कांड से जुड़े हर शख्स के शस्त्र लाइसेंस निरस्त किए जाएं। घटना में शामिल लोगों की संपत्ति का ब्योरा जल्द दिया जाए। यह निर्देश शनिवार को चौबेपुर थाने पहुंचे आईजी कानपुर जोन मोहित अग्रवाल ने मातहतों को दिए।
दोपहर को थाने पहुंचे आईजी ने थाना प्रभारी से बिकरू की स्थिति के बाबत जानकारी हासिल की और फिर महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। पूछा, बिकरू कांड को लेकर ग्रामीणों में व्याप्त दहशत कम हुई है या नहीं। बिकरू में पुलिस चौकी बनवाए जाने की ग्रामीणों की मांग के बाबत पूछने पर थाना प्रभारी कृष्ण मोहन राय ने बताया कि चौकी के लिए गांव से कुछ दूर स्थित बाबा कुआं के पास भूमि चिह्नित की जा रही है।
उन्होंने चौकी निर्माण के लिए भूमि का चयन शीघ्र करने को कहा। चौबेपुर थाने में टाप टेन अपराधियों की सूची न देखकर नाराजगी जताई। पंचायत चुनाव को लेकर भी उन्होंने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बृजेश कुमार श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।