कानपुर में आईआईटी कैंपस, राष्ट्रीय शर्करा संस्थान में दहशत फैला रहा तेंदुआ मंगलवार शाम कालपी रोड स्थित लघु शस्त्र निर्माणी (एसएएफ) में घुस गया। शाम 6:10 बजे निर्माणी की सुरक्षा में तैनात जवानों ने तेंदुआ को देखा। इसके बाद वन विभाग और निर्माणी के उच्च अफसरों को जानकारी दी।
शाम 7:30 बजे दोबारा जवानों ने तेंदुए को निर्माणी के एकाउंट ऑफिस कार्यालय के पीछे देखा। निर्माणी में तेंदुआ आने की सूचना से आर्मरीना ग्रांउड पर मौजूद अग्निवीर भर्ती के लिए आए युवाओं में खलबली मच गई। वन विभाग ने एनाउंस कराया कि कोई भी अभ्यर्थी रात में कैंपस में न घूमे।
तमाम क्षेत्रीय लोग निर्माणी गेट के बाहर आ गए। वन विभाग की तीन टीमें तेंदुए की खोज में लगी है। निर्माणी में तेंदुआ घुसने की पुष्टि निर्माणी के महाप्रबंधक विंदेश्वर सिंह ने की है। हालांकि अवकाश होने के कारण कर्मचारी-अफसर निर्माणी में नहीं थे।