कानपुर देहात। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर शनिवार को जिले की छह तहसीलों में लेखपालों ने धरना दिया। एसीपी विसंगति दूर करने व भत्ता बढ़ाने समेत आठ सूत्री मांगों का मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
अकबरपुर तहसील में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक लेखपाल धरने पर बैठे। यहां लेखपाल राकेश मिश्र, सुनील गौड़, चितरंजन, सौरभ त्रिपाठी, मिलन दुबे, विजय प्रताप आदि रहे। इधर रसूलाबाद तहसील परिसर में लेखपालों ने लंबित मांगों को लेकर एक दिवसीय विरोध प्रदर्शन किया। कहा कि प्रारंभिक वेतनमान में बढ़ोत्तरी, पदोन्नति के अवसरों में वृद्धि, एसीपी की विसंगति का निदान, भत्तों में वृद्धि, पदनाम परिवर्तन कर ‘लेखपाल’ शब्द को बदलने, अंतर्मंडलीय स्थानांतरण व्यवस्था लागू करने, पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान और राजस्व चौकी स्थापना की मांग पूरी की जाए।
कहा कि लंबे समय से केवल आश्वासन मिल रहा है। बाद में उपजिलाधिकारी सर्वेश कुमार को ज्ञापन सौंपा। यहां अध्यक्ष योगेश कुमार, मंत्री विजय गौतम, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अंकित कुशवाहा, कनिष्ठ उपाध्यक्ष अजीत कुमार, शालू सिंह, अनीता अग्निहोत्री, संगीता, प्रियंका दुबे आदि मौजूद रहे। डेरापुर तहसील में भी लेखपालों ने धरना दिया। धरना समापन के बाद एसडीएम सुरभि शर्मा को ज्ञापन दिया। तहसील संघ के अध्यक्ष शिवम शुक्ला ने कहा कि समाधान न होने पर आंदोलन किया जाएगा। इसी प्रकार सिकंदरा, मैथा, व भोगनीपुर तहसील में भी लेखपालों ने धरना दिया। मांगों का ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।