उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष अनुपम पटेल की अगुवाई में लेखपालों ने कार्य बहिष्कार कर एक दिवसीय कलम बंद हड़ताल की। लेखपालों ने फर्जी और दुर्भावनापूर्ण ट्रैप कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की। वरिष्ठ उपाध्यक्ष शिखा सिंह ने कहा कि लेखपालों को बिना पर्याप्त जांच के ट्रैप कार्रवाई में फंसाया जा रहा है, जिसे लेकर संघ में नाराजगी है।
लेखपालों ने अयोध्या के सोहावल में तैनात लेखपाल उत्कर्षदीप के मामले में सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की एसआईटी से जांच कराने की मांग की। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होने के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आएगी। संघ के आह्वान पर प्रदेश की 351 तहसीलों में थाना दिवस का बहिष्कार किया गया। लेखपालों ने चेतावनी दी कि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जा सकता है।