दीपिका, कैटरीना व अनुष्का नामक गधी की खूब हो रही डिमांड
धर्मनगरी चित्रकूट में लगे ऐतिहासिक गधा मेले में बॉलीवुड सितारों के नाम के जानवर खूब पसंद किए जा रहे हैं। इस बार सलमान खान नामक गधे की सर्वाधिक कीमत 55 हजार लगी जबकि रणवीर नाम के गधे की कीमत 51 हजार रही। फिल्मी हिरोइनों के नाम दीपिका, कैटरीना कैफ व अनुष्का नामक गधी भी खूब बिकी रही हैं।
धर्मनगरी में औरंगजेब के जमाने से ही गधे मेले का आयोजन किया जा रहा है। स्थानीय स्वामी मत्यगयेंद्र नाथ मंदिर के पुजारी विपिन द्विवेदी ने बताया कि पूर्वज बताते हैं कि जब औरंगजेब ने चित्रकूट क्षेत्र में डेरा जमाया था तब से दीपावली के दूसरे दिन गधा मेला का आयोजन कराया जाता रहा है। जिसकी मान्यता थी कि इस मेले में सुदूर क्षेत्र के हर वर्ग के लाखों लोग एकत्र होते हैं ऐसे में इस मेले से गधा व्यापारियों के भी एक स्थान पर व्यापार का मौका मिलेगा। इसी परंपरा के अनुसार सोमवार को गधा-खच्चर मेले में छत्तीसगढ़, मप्र, हिमाचल प्रदेश, यूपी, बिहार प्रदेश के व्यापारी एकत्र हुए। सभी ने अपने गधे-खच्चरों को नहलाकर सतरंगी रंगों से भी सजाया था। कुछ व्यापारियों ने अपने जानवरों के नाम फिल्मी सितारों के नाम पर रखे। छत्तीसगढ़ के राजू प्रजापति के सलमान खान नामक गधे की कीमत सबसे ज्यादा आंकी गई। कई लोगों ने इसकी बोली लगाई आखिर में यह 55 हजार का बिका जबकि रणवीर की कीमत 51 हजार रही। इसी तरह हिरोइनों के नाम की गधी की कीमत 20 से 25 हजार तक आंकी गई। रीवा के व्यापारी चुनकूराम ने बताया कि ऊंचाई वाले और संकरी गलियों में मिट्टी गिट्टी, बालू ईंट ढोने के लिए अभी भी कई स्थानों पर गधे-खच्चर का महत्व है। हिमाचल प्रदेश और झांसी के कई खरीददार आते हैं। गधा-खच्चर शारीरिक रूप से मजबूत और हर मौसम में बेहतर काम करने की क्षमता वाले होने के कारण अभी भी इनका विशेष महत्व है।