कानपुर। जंतर-मंजर पर शनिवार को प्रस्तावित आंदोलन के चलते पुलिस ने शुक्रवार दोपहर से ही अपनी तैयारी शुरू कर दी थी। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर एलआईयू ने अपनी रिपोर्ट में दिल्ली कूच करने वाले संभावित नेताओं की सूची सौंप दी थी। इसके चलते शाम होते ही पुलिस ने नेताओं को उनके घरों में ही नजरबंद करना शुरू कर दिया। देर रात तक समाजवादी पार्टी और आप के कुछ नेताओं को उनके घरों में ही नजरबंद किया गया।
अपर पुलिस आयुक्त डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि शुक्रवार रात से शहर से लगी दिल्ली की सीमाओं पर पर्याप्त पुलिस फोर्स तैनात किया गया। भीड़ या फिर गाडियों में झंडा लगाकर दिल्ली जाने वालों की विशेष चेकिंग की जाएगी। डीसीपी साउथ दीपेंद्र चौधरी ने बताया कि बाबूपुरवा निवासी मोहम्मद आबिद, सपा छात्र सभा अध्यक्ष अनूप यादव, बाबूपुरवा निवासी सपा नेता दिनेशचंद्र मिश्रा और यशोदानगर निवासी बंटी यादव को उनके घरों में नजर बंद किया गया
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अनुज शुक्ला को भी उनके ग्वालटोली स्थित आवास पर नजरबंद किया गया। इन सभी नेताओं ने पुलिस पर लोकतंत्र को कुचलने का आरोप लगाया है। दूसरी ओर अपर पुलिस आयुक्त ने बताया कि शुक्रवार रात से ही जीटी रोड हाईवे और कानपुर देहात टोल से पहले ही विशेष चेकिंग कराई गई। शनिवार को भी यह सिलसिला जारी रहेगा। किसी भी कीमत पर भीड़ की शक्ल में लोगों को दिल्ली की ओर नहीं जाने दिया जाएगा।