गुट में शामिल होने से इनकार करने पर पनकी में शनिवार देर रात दबंगों ने वकील और उसके साथी को गोली मार दी। वकील की कनपटी और साथी के पैर पर गोली लगी है। दोनों को गंभीर हालत में हैलट में भर्ती कराया गया है।
पनकी निवासी मोनू चौहान पेशे से वकील हैं। शनिवार को वह दोस्त शिवम के साथ कार से रूरा से बारात में शामिल होकर घर लौट रहा था। कपली मोड़ के पास क्षेत्र के ललित सिंह चौहान, मनोज परिहार, सुंदरम और सत्यम उर्फ चावल ने कई साथियों के साथ कार रोक ली। कार में तोड़फोड़ करने के साथ ही मारपीट शुरू कर दी।
इसी बीच हमलावरों में से किसी ने पहले मोनू चौहान की कनपटी पर तमंचे से गोली मार दी। फिर साथी शिवम के पैर पर गोली मार दी। हमलावर मौके से भाग निकले। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हैलट में भर्ती कराया है। सूचना पाकर मोनू चौहान के पिता आर्मी से रिटायर्ड दशरथ सिंह और उनकी मां अनीता हैलट पहुंची गईं।
मोनू का बड़ा भाई सुखराज गाजियाबाद में सिपाही है। मां ने बताया कि दो दिन पहले कचहरी से लौटते वक्त हमलावरों ने मोनू को रोककर मारपीट की थी। किसी तरीके से वह बचकर पनकी थाने गया था और तहरीर भी दी थी। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। एसपी पूर्वी अनुराग आर्या का कहना है क्षेत्र में वर्चस्व के लिए दो गुटों में तनातनी चलती है। तनातनी के कारण ही हमला किया गया है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।