जालौन के कदौरा में हथियारों से लैस नकाबपोश आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने बुधवार की देर रात व्यापारी के घर पर धावा बोल दिया। बदमाश अलमारी खोल रहे थे, तभी व्यापारी व उसकी पत्नी जाग गए, जिस पर बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ लाठी और लोहे की राड चलाकर मरणासन्न कर दिया।
दंपति की चीख सुनकर जागी रिश्तेदार युवती को भी पीटकर लहूलुहान कर दिया। इसके बाद बदमाश घर से जेवर नगदी लेकर भाग निकले। बच्चों की सूचना पर पड़ोसी व पुलिस पहुंची। देर रात ही तीनों घायलों को जिला अस्पताल से झांसी रेफर कर दिया गया।
गुरुवार सुबह एसपी डॉ सतीश कुमार, एएसपी अवधेश सिंह भी फोरेंसिक के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी का कहना है कि घर पर ज्यादा नगदी और जेवर नहीं थी। फिर भी कुछ संदिग्धों को पकड़ा गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। चतेला गांव निवासी राजेश गुप्ता पहले गल्ला व्यापार करते थे और अब घर के बाहर ही परचून की दुकान किए हैं।
बुधवार रात राजेश अपनी पत्नी रानी और तीनों बेटियों अनुष्का(15), अंकिता (12), अंशिका (2) और साढ़ू की 18 साल की बेटी आकांक्षा के साथ घर पर सो रहे थे। इसी बीच रात करीब एक बजे के आसपास नकाबपोश बदमाश घर की कुंडी काटकर मकान में दाखिल हुए और सीधे राजेश के कमरे में जाकर अलमारी खोलने लगे।
खटपट की आवाज होने पर राजेश और रानी जाग गए। इससे पहले दंपति शोर मचाते बदमाशों ने उन पर लाठी और राड से हमला कर दिया। चीख पुकार सुनकर आकांक्षा दूसरे कमरे से दौड़कर आई तो बदमाशों ने उस पर भी हमला कर लहूलुहान कर दिया। इसके बाद बदमाशों को जो भी जेवर नगदी मिली उसे समेट कर भाग निकले।
कुछ देर बाद दूसरे कमरे में बंद बच्चों ने निकलकर पास पड़ोस के लोगों को घटना की जानकारी दी। तब सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को पहले उरई मेडिकल कालेज फिर यहां से झांसी अस्पताल भेज दिया। गुरुवार की सुबह अधिकारी भी फोरेंसिक टीम के साथ पहुंची।
फोरेंसिक टीम ने खून से सने बिस्तर व पैरों के निशान के नमूने भी लिए हैं। एसपी का कहना है कि गृहस्वामी की स्थिति कुछ बताने लायक नहीं है। लिहाजा कितनी जेवर नगदी गई है, कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। पुलिस की टीमें लगा दी गई है। जल्द खुलासा भी किया जाएगा।