चकरनगर। बिठौली थाना क्षेत्र के बंसरी गांव में चार नवंबर को कुल्हाड़ी के हमले में गंभीर रूप से घायल हुए युवक मांधो सिंह परिहार की सोमवार देर शाम सैफई में इलाज के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद जब रात में शव गांव पहुंचा, तो परिजनों में कोहराम मच गया। तनाव के चलते शांति व्यवस्था बनाए रखने को कई थानों का पुलिस फोर्स तैनात रहा।
मंगलवार सुबह भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चंबल किनारे मृतक मांधो सिंह परिहार का अंतिम संस्कार कराया गया। रिश्तेदारों, पड़ोसियों और गांव के सैकड़ों लोगों की भीड़ अंतिम यात्रा में शामिल हुए। पुलिस ने स्थिति सामान्य होने तक फोर्स तैनात रखने की बात कही है। सीओ रामदवन मौर्य, एसडीएम ब्रह्मानंद कठेरिया समेत पांच थानों बिठौली, सहसों, चकरनगर, भरेह और बकेवर की पुलिस मौके पर तैनात रही। सीओ रामदवन मौर्य ने बताया कि पहले दर्ज किए गए जानलेवा हमले के मुकदमे को अब हत्या की धाराओं में तरमीम कर दिया गया है। पुलिस की तीन टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। घटना में पहले से पांच नामजद आरोपी दर्ज थे, वहीं, दो और लोगों के नाम जोड़ने का प्रार्थना पत्र मिला है। सीओ ने कहा कि दोनों नामों की गहन जांच की जा रही है। इसमें जो भी दोषी होगी, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
आरोपियों के फरार होने से परिजन भयभीत
बंसरी गांव में युवक मांधो सिंह परिहार की मौत के बाद परिवार में दहशत का माहौल बना हुआ है। मंगलवार सुबह मृतक का भाई गौरव पुलिस अधिकारियों से मिला और सीओ रामदवन मौर्य से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। गौरव ने खुद की सुरक्षा के लिए असलहा लाइसेंस दिलाए जाने की मांग भी रखी।