बिठूर के मकसूदाबाद में शनिवार रात जमीन के विवाद में सपा का झंडा लगे कई वाहनों से आए लोगों और ग्रामीणों में मारपीट, पथराव के बाद गोलियां चलीं। इससे तीन लोग घायल हो गए। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों की दो कारें, तीन बाइकें तोड़ डालीं और दो हमलावरों को जमकर पीटा।
एक क्षतिग्रस्त कार लेकर जैसे-जैसे बाकी हमलावर भाग निकले। सूचना पर कल्याणपुर, पनकी, अर्मापुर, बिठूर थाने की फोर्स और एसपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी पहुंचे और 10 हमलावरों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हमलावरों की तीन कारों से एक डबल बैरल, एक राइफल, एक रिवॉल्वर, तेरह कारतूस बरामद की हैं। हमलावरों की दो बाइकें भी जब्त की गई हैं।
मकसूदाबाद में ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे की होड़ मची है। यहां कल्याणपुर गुबा गार्डेन निवासी अजय कुमार, बाघपुर कानपुर देहात निवासी मलखान सिंह यादव, केके सचान, बाघपुर के ग्राम प्रधान के बेटे पप्पू चंदेल की पार्टनरशिप में कई बीघा जमीन है। ये लोग यहां प्लाटिंग करवा रहे हैं।
इनकी जमीन के बगल में मकसूदाबाद निवासी लालमन कोरी की करीब 10 बीघा जमीन है। शनिवार को लालमन बाउंड्री बनवा रहे थे तभी रात में कई वाहनों से 40-50 लोग पहुंचे और बाउंड्री गिरा दी। दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। लालमन की ओर से बुद्धन, गुलाब और जय सिंह लहूलुहान हो गए।
मकसूदाबाद गांव के सैकड़ों ग्रामीण लालमन की तरफ से आ गए और फिर दोनों पक्षों में फायरिंग होने लगी। 100 से 150 राउंड गोलियां चलीं। ग्रामीण भारी पड़े तो आरोपी भागने लगे। ग्रामीणों ने आरोपियों की दो कारें तोड़ी, कई बाइकों में तोड़फोड़ कर उन्हें पलट दिया।
दो आरोपियों कश्यप नगर निवासी सुरेंद्र गुप्ता और राकेश थापा को ग्रामीणों ने जमकर पीटा। सूचना पर कल्याणपुर सर्किल की फोर्स पहुंची लेकिन उपद्रव के आगे उनकी एक नहीं चली। बाद में पुलिस ने जैसे-तैसे दोनों को छुड़ाकर अपने कब्जे में लिया।
एसपी ग्रामीण ने बताया कि जमीन के विवाद में दो पक्षों में मारपीट, फायरिंग हुई है। छानबीन चल रही है, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। दस लोग गिरफ्तार किए गए हैं। इन सभी पर बलवा, जानलेवा हमला, सेवन सीएलए सहित कई धाराएं लगाई जाएंगी। जरूरत पड़ी तो रासुका के तहत भी कार्रवाई होगी।