फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वर्दी पहन कर मजदूरी कर रहीं महिला पीआरडी जवान

विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर देहात। महिला थाने में पीआरडी सदस्यों से मजदूरी कराई जा रही है। थाना परिसर में वे निर्माणाधीन शौचालय के लिए ईंट, मौरंग और सीमेंट ढो रही हैं। शौचालय भी साफ कराया जा रहा है। आरोप है कि विरोध करने पर ड्यूटी में परेशान किया जाता है। महिला जवानों ने डिप्टी डायरेक्टर युवा कल्याण विभाग से इसकी शिकायत की है।
विज्ञापन

माती पुलिस लाइन स्थित महिला थाना में 12 महिला पीआरडी सदस्यों की ड्यूटी लगती है। मंगलवार को एक वीडियो वायरल हुआ इसमें वर्दी पहने पीआरडी सदस्य मजदूरी करती नजर आ रही हैं। वह ईंट, मौरंग, गिट्टी, सीमेंट का मसाला ढोते दिख रही हैं। महिला सदस्यों का आरोप है कि मजदूरी करने से इनकार करने पर थानाध्यक्ष व हेड कांस्टेबल अभद्रता करती हैं। वह सादे कपड़े में ड्यूटी पर आने के लिए कहती हैं, ताकि पूरे दिन मजदूरी कराई जा सके। सादे कपड़े न ले जाने पर वर्दी में ही काम पर लगा दिया जाता है।
एक गार्ड ने बताया कि कोविड वैक्सीन लगवाने के बाद बुखार आ गया। पांच जून को बुखार के बावजूद उससे काम कराया गया। कई पीआरडी सदस्यों ने मंगलवार को डिप्टी डायरेक्टर युवा कल्याण विभाग को पत्र लिखकर शिकायत की है। पीआरडी सदस्यों ने आरोप लगाया कि महिला थाने में उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। साथ ही बेगार करने से मना करने पर उपस्थिति दर्ज करने से इनकार किया जाता है।
विज्ञापन

------
इनसेट :
शौचालय साफ कराते हैं पुलिस कर्मी
पीआरडी सदस्य रामलक्ष्मी ने बताया कि महिला थाना में शौचालय तक साफ कराया जाता है। साथ ही परिसर की सफाई, पेड़ों की सिंचाई समेत नियमित रूप से कई काम कराए जाते हैं। पुलिस कर्मी पीआरडी सदस्यों से निजी नौकर से भी खराब व्यवहार कर रहीं हैं। शौचालय साफ करते हुए भी पीआरडी सदस्यों का वीडियो होने की बात कही जा रही है। कई सदस्यों ने बताया कि घर से सादे कपड़े लेकर आने के लिए कहा जाता है। इसके बाद थाने में आकर कपड़े बदल कर काम करने के लिए पुलिस कर्मी कहते हैं।
------
बयान-
पांच जून को पर्यावरण दिवस पर श्रमदान कराया गया था। किसी कर्मचारी से कोई जबरन काम नहीं कराया गया है। अगर किसी को समस्या है तो वह महिला थाना के बजाय कहीं अन्य स्थान पर ड्यूटी लगवा ले। - रीना सिंह, प्रभारी थानाध्यक्ष महिला थाना
-----
स्वेच्छा से श्रमदान करना अलग बात है। महिला थाना में पीआरडी सदस्यों से जबरन काम कराए जाने की जानकारी मिली है। कुछ वीडियो भी आए हैं। वहां ड्यूटी करने वाली महिला गार्डों से लिखित रूप से बयान देने को कहा गया है। इसके बाद दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई के लिए एसपी को पत्र लिखा जाएगा। - अजय कुमार त्रिवेदी, डिप्टी डायरेक्टर, युवा कल्याण विभाग कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें