कानपुर/शुक्लागंज। जाजमऊ पुल को शनिवार सुबह से बंद कर वाहनों की चेकिंग कर रही उन्नाव पुलिस से प्रवासी मजदूरों की झड़प हो गई। दरअसल, वाहनों में भूसे की तरह भरे प्रवासी मजदूरों को ठीक से बैठाने के चक्कर में पुल पर भीषण जाम लग गया। कुछ वाहनों से प्रवासियों को उतारकर वापस जाने को भी कहा गया। इससे नाराज प्रवासियों ने हंगामा करते हुए जमकर नारेबाजी की। पुल पर सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक करीब आठ घंटे हाईवे पर वाहन रेंगते रहे।
उन्नाव की गंगाघाट पुलिस ने सुबह ही बैरिकेडिंग लगाकर पुल को बंद कर दिया। पुलिस ने ट्रकों को रोककर प्रवासी मजदूरों को उतारना शुरू कर दिया और उन्हें वापस जाने को कहा। धूप में परेशान प्रवासियों का गुस्सा फूट पड़ा और हंगामा करने लगे। मौके पर पहुंचे भारी पुलिस बल ने प्रवासियों को शांत कराया। रास्ता बंद होने से हरजेंदर नगर फ्लाईओवर तक जाम लग गया। सूचना पर सीओ कैंट आरके चतुर्वेदी, चकेरी इंस्पेक्टर आरके गुप्ता पुलिस भी पुलिस के साथ पहुंचे। उन्नाव पुलिस से बात कर रास्ता खुलवाने की कोशिश की। हालांकि बात बनी नहीं। इसके बाद प्रवासी वाहनों से उतरकर वापस रामादेवी फ्लाई ओवर पहुंचने लगे। शाम को एसपी पूर्वी राजकुमार अग्रवाल, रेलबाजार, कैंट व पीएसी की एक टुकड़ी भी पहुंची और उन्नाव पुलिस से दोबारा बात की। तब पुलिस ने निजी वाहनों और सामान लदे वाहनों को जाने की छूट दी। कैंट सीओ ने बताया कि प्रवासियों को बसों से फतेहपुर रूट से रवाना किया गया।