जालौन जिले में मनरेगा मजदूरी का पैसा खाते में न आने से परेशान मजदूर ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की, उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। मजदूर के पुत्र ने ग्राम प्रधान पर खाते में मजदूरी का पैसा न डालने का आरोप लगाकर थाने में तहरीर दी है।
वहीं ग्राम प्रधान का कहना है कि मजदूर ने जितने दिन काम किया था। उसका पैसा उसके खाते में आ चुका है। सिरसाकलार थाना क्षेत्र के दमरास निवासी ओम प्रकाश कठेरिया ने सोमवार शाम घर में जहर खा लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।
परिजन जानकारी होने पर उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल लेकर आए। जहां उसका उपचार चल रहा है। मजदूर के पुत्र कल्लू ने सिरसाकलार थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके पिता ने मनरेगा में काम किया था। जिसकी मजदूरी ग्राम प्रधान परशुराम दोहरे ने उसके खाते में नहीं डाली।
जिसे लेकर पिता का प्रधान के पुत्र से भी विवाद हुआ था। वहीं प्रधान परशुराम का कहना है कि ओमप्रकाश ने जितने दिन काम किया था। उसका पैसा उसके खाते में आ चुका है। वह बेवजह आरोप लगा रहा है। इस बाबत पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, दोषी पाए जाने पर प्रधान के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।