दुकान ढहने के बाद मलबे में दबे मजदूरों को निकालती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
बांदा में बारिश और बूंदाबांदी के बीच पुरानी दुकान के फर्श में भूतल की खुदाई के दौरान अचानक दीवार और मिट्टी ढह जाने से तीन मजदूर मलबे में दब गए। एक मजदूर की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। तीनों को मिट्टी से निकालने में पुलिस ने जेसीबी की मदद ली। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शहर कोतवाली के नजदीक गुरहा कुआं तिराहे पर चौक बाजार में रविवार को दोपहर जूते की दुकान (कक्कू बूट हाउस) में निर्माण कार्य चल रहा था। फर्श के नीचे भूतल के लिए खुदाई कराई जा रही थी। साथ में पक्का निर्माण भी चल रहा था। अचानक एक तरफ की दीवार ढह गई।
दीवार का मलबा और ढही मिट्टी में राजगीर रामू (40) पुत्र मुन्नीलाल (अलीगंज, बांदा), मजदूर मंगी चौहान (38) पुत्र सुंदर (नोनिया मोहाल, बांदा) और एक अन्य मजदूर पांडेय (28) दब गए। बाजार इलाका होने से फौरन ही बड़ी तादाद में लोग आ गए। चंद कदम दूर स्थित कोतवाली प्रभारी फोर्स के साथ आ गए।
आनन-फानन मलबा हटाकर दबे मजदूरों को निकालने का काम शुरू हो गया। नगरपालिका की जेसीबी से मिट्टी और मलबा हटाकर मजदूरों को बाहर निकाला गया। मंगी मृत अवस्था में निकाला गया। रामू और पांडेय को घायल अवस्था में अस्पताल भेजा गया। घटनास्थल पर अपर एसपी एलबीके पाल, सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार, एसडीएम सुरजीत सिंह, सीओ सदर राघवेंद्र सिंह, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बलजीत सिंह, ईओ संतोष मिश्रा सहित चौकियों के प्रभारियों की मौजूदगी में मलबा हटाया गया।