इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 मुकाबले में चाइनामैन के नाम से मशहूर कानपुर शहर के स्पिनर कुलदीप यादव ने पांच विकेट झटके। इंग्लैंड की सरजमीं पर टी-20 मैच में किसी भारतीय स्पिनर का यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
मंगलवार को इंग्लैंड के मैनचेस्टर में खेले गए मैच में कुलदीप ने चार ओवर में 24 रन देकर पांच विकेट लिए। कुलदीप ने इंग्लैंड के शीर्ष बल्लेबाजी क्रम को पवेलियन भेजकर उसे 159 रनों पर रोका।
कुलदीप के टी-20 कॅरियर का भी यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। 11 अंतरराष्ट्रीय टी-20 मुकाबलों में कुलदीप अब तक 24 विकेट झटक चुके हैं। इसके अलावा आईपीएल के 31 मुकाबलों में 35 विकेट उनके खाते में हैं।