फोटो-33 जितेंद्र सिंह चौहान। फाइल फोटो
कमालगंज। फतेहगढ़-कानपुर राज्य मार्ग पर बृहस्पतिवार शाम गांव कतरौली पट्टी के निकट सामने से आ रही डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक कोटेदार के पति की मौत हो गई जबकि दो साथी घायल हो गए। पुलिस एंबुलेंस से घायलों को लेकर सीएचसी पहुंची जहां से चिकित्सक ने एक की हालत गंभीर होने पर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।
कमालगंज थानाक्षेत्र के गांव पूरनपुर निवासी कोटेदार संगीता के पति जितेंद्र सिंह चौहान उर्फ भोला (38) बृहस्पतिवार की दोपहर करीब तीन बजे गांव के साथी शिवपाल सक्सेना (37) व विवेक दिवाकर (26) के साथ बाइक से कन्नौज जिला के समधन गए थे। शाम करीब छह बजे घर लौट रहे थे। कतरौली पट्टी गांव के निकट फतेहगढ़ की ओर से जा रही डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक चालक जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई जबकि शिवपाल व विवेक घायल हो गए। जानकारी पर खुदागंज चौकी प्रभारी अनिल कुमार टीम में साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। डॉ. मान सिंह ने घायल शिवपाल की हालत गंभीर होने पर उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। दूसरे घायल विवेक को मामूली चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे जितेंद्र की पत्नी संगीता व पुत्र प्रतीक व अनिकेश बिलखने लगे।
सीओ अमृतपुर संजय वर्मा, इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने सीएचसी में परिजन से पूछताछ की। चचेरे भाई सर्वेश ने बताया कि जितेंद्र की पत्नी संगीता गांव की कोटेदार हैं। करीब तीन वर्ष पूर्व बड़े भाई कन्हैया की भी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। घायल विवेक ने बताया कि जितेंद्र समधन में खरीदने के लिए भैंस देखने गया था। डीसीएम ने ओवरटेक कर टक्कर मार दी। सर्वेश ने घटना की प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि जितेंद्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दूसरे घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।
हेलमेट पहने होता तो बच सकती थी जान
कतरौली पट्टी के पास कानपुर-फतेहगढ़ राज्य मार्ग पर हुई डीसीएम व बाइक की टक्कर में जितेंद्र का सिर फट जाने से मौके पर ही मौत हो गई। जितेंद्र हेलमेट नहीं पहने थे। लोगों का कहना है कि अगर जितेंद्र हेलमेट पहने होते तो उनकी जान बच सकती थी।
फोटो-33 जितेंद्र सिंह चौहान। फाइल फोटो