इटावा। लोकसभा क्षेत्र के इटावा एवं भरथना विधानसभा क्षेत्र के मतदाता 13 मई को मतदान करेंगे। इसे लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि 13 मई को निष्पक्ष चुनाव कराया जाएगा। बीएलओ से घर-घर पर्चियां भिजवाई गई हैं। यदि फिर भी किसी मतदाता की पर्ची नहीं पहुंची है तो वह निर्वाचन कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबर 1950 एवं 05688-250026, 297655 पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकता है। उन्हें कंट्रोल रूम से उनके बूथ से जुड़ी जानकारी संतोषजनक दी जाएगी। बताया कि सभी मतदेय स्थलों पर मतदान के दिन संबंधित बूथ के बीएलओ हेल्प डेस्क पर भी उपस्थित रहेंगे। इनके पास उस बूथ की मतदाता सूची भी उपलब्ध होगी। इनसे भी मतदाता जानकारी ले सकते हैं। (संवाद)