महिलाओं और उनके परिजनों से झूठ बोल कर पांच शादियां करने वाले ढोंगी बाबा को सबक सिखाने के लिए उनकी अन्य पत्नियां भी पांचवीं पत्नी के संपर्क में आ चुकी हैं। पहली और दूसरी पत्नी सोमवार को किदवई नगर थाने में पुलिस के सामने अपने बयान दर्ज करा सकती हैं।
पांचवीं पत्नी के अनुसार बहरुपिये को सख्त सजा दिलाने के लिए अन्य महिलाएं भी सामने आ रही हैं। शाहजहांपुर निवासी फर्जी बाबा अनुज चेतन कठारिया ने पहली शादी मैनपुरी की युवती से की थी। पांचवीं पत्नी के अनुसार जब उसने बाबा की पहली और दूसरी पत्नियों से संपर्क साधा तो उन्होंने भी अनुज के यातनाएं देने का शौकीन होने की बात कही।
अनुज चेतन ने वर्ष 2005 में पहली शादी की थी। शादी के वक्त उसने पहली पत्नी के परिजनों को खुद को मनाली के होटल का मैनेजर बताया था। पहली पत्नी की पुलिस विभाग में कांस्टेबल पद पर नौकरी लगी थी, लेकिन अनुज ने उसे नौकरी नहीं करने दी। आए दिन उसे भी बंधक बना कर पीटता था और यातनाएं देता था। पांचवीं पत्नी के अनुसार सोमवार को उसकी दो अन्य पत्नियां थाने पहुंच सकती हैं।