बांदा और चित्रकूट जिले में लगातार बढ़ रहे किडनी संबंधित बीमारियों का मुद्दा शुक्रवार को संसद में गूंजा। यह मुद्दा बांदा के सांसद भैरों प्रसाद मिश्रा ने उठाते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय से क्षेत्र में डायलिसिस सेंटर खोले जाने की मांग की।
यही नहीं मिश्रा ने उनके क्षेत्र के उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में पड़ने वाले तीर्थ स्थलों को फ्री जोन घोषित किए जाने की मांग उठाई, जिससे तीर्थ यात्रियों को तकलीफ का सामना न करना पड़े ।
मिश्रा ने शून्य काल के दौरान उनके क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे किडनी संबंधित बीमारियों का मामला उठाते हुए कहा कि स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से इस समस्या को ध्यान में रखते हुए डायलिसिस केंद्र खोलने की बात कही गई थी, लेकिन आज तक यह केंद्र नहीं खोला जा सका है।
मिश्रा ने शून्य काल में ही यह भी कहा कि उनके क्षेत्र के तीर्थ स्थल उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश दोनों जगहों में पड़ते हैं, जिसके चलते इन तीर्थ स्थलों पर आने वाले तीर्थ यात्रियों को यात्रा में बेहद परेशानी का सामना करना पड़ता है। अगर तीर्थ स्थलों को फ्री जोन घोषित कर दिया तो तीर्थ यात्रियों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।