इटावा में दिनदहाड़े कार सवार पांच बदमाशों ने एक युवती के अपहरण का प्रयास किया। युवती आटो से घर जा रही थी। बदमाशों ने युवती को खींचकर कार में डालने की कोशिश की। युवती के चिल्लाने पर आए लोगों ने एक बदमाश को दबोच लिया। उसे जमकर पीटने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। बाकी बदमाश कार से भाग निकले।
बगिया जसोहन निवासी भारत सिंह बघेल की पुत्री रमा बघेल शनिवार को जसंवतनगर आई थी। दोपहर बाद तीन बजे वह जसवंतनगर से घर जाने के लिए आटो में बैठी। रास्ते में बाइक से एक लड़का आटो का पीछा करते दिखा तो रमा ने ड्राइवर से घर तक चलने को कहा। रास्ते की सवारियां उतारते हुए आटो जब जसोहन की ओर जाने लगा तो ग्राम कीरतपुर मोड़ पर शराब ठेके के पास कार सवार बदमाशों ने गाड़ी आगे लगाकर आटो रोक लिया और रमा को खींचकर जबरन कार में डालने का प्रयास करने लगे।
लड़की के चिल्लाने पर आए आसपास के लोगों ने कार को घेर लिया और एक बदमाश को धर दबोचा। मौका पाकर चार बदमाश भाग गए। इस बीच कीरतपुर गांव के किसी व्यक्ति ने 100 नंबर पर सूचना दे दी। मौके पर आई पुलिस ने पकड़े गए बदमाश को हिरासत में ले लिया। उसने अपना नाम मुनेश यादव पुत्र बादशाह सिंह यादव बताया। उसके मुताबिक वह थाना जसवंतनगर के रामताल मौजा जसोहन का रहने वाला है। पुलिस ने रमा बघेल की तहरीर पर धारा 364 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस बाकी चार बदमाशों की तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए बदमाश से पूछताछ की जा रही है कि वे लड़की को क्यों अगवा करना चाहते थे।