कानपुर। रक्षाबंधन से पहले मिलावटखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने घाटमपुर तहसील के परास गांव में छापा मारकर अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार किया जा रहा खोया पकड़ा। मौके पर स्किम्ड मिल्क पाउडर घोलकर खोया तैयार किया जा रहा था। कई दिनों से खुले में रखा तैयार खोया और दूध मक्खियों से घिरा मिला।
छापे के दौरान घाटमपुर निवासी सत्येंद्र सिंह मौके पर खोया बनाते मिले। जांच में करीब 200 किलोग्राम तैयार खोया जिसकी कीमत 64 हजार रुपये तथा 150 लीटर मिक्स्ड मिल्क जिसकी कीमत 8,250 रुपये बताई गई, गंदगी में रखा मिला। खाद्य टीम ने दोनों को मौके पर ही नष्ट करा दिया। सहायक खाद्य आयुक्त संजय प्रताप सिंह ने बताया कि निर्माण और भंडारण की स्थिति खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं थी। टीम ने मौके से खोया, मिक्स्ड मिल्क और स्किम्ड मिल्क पाउडर के नमूने लिए जिन्हें प्रयोगशाला भेजा गया। इस दौरान क्षेत्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश यादव तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र शर्मा, कयामुद्दीन, किरण यादव रहे।