कानपुर। विकास खंड घाटमपुर में तैनात खंड प्रेरक रित्विज तिवारी पर ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की ठेकेदारी कर अपनी ही फर्म में भुगतान किया है। उस पर लगाए गए आरोपों की जांच कर रही टीम ने 250 भुगतान प्रविष्टियों में 100 की पंचायती राज विभाग के पोर्टल से जांच की तो फर्म को एक करोड़ से अधिक का भुगतान किया गया मिला। जांच टीम ने कहा कि साफ है कि फर्म को करीब दो करोड़ से अधिक का भुगतान किया गया है। इसमें कई सचिवों की मिलभीगत भी सामने आई है जिन्होंने सबसे ज्यादा ‘एवी कंस्ट्रक्शन फर्म में भुगतान किया है। सीडीओ दीक्षा जैन ने खंड प्रेरक को नोटिस भेजकर जवाब मांगा। सही जवाब न मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी।
बीते एक माह पहले ग्रामीण ने शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि खंड प्रेरक रित्विज त्रिवेदी ने ग्राम पंचायतों में हो रहे विकास कार्यों की ठेकेदारी कर सचिवों से भुगतान अपनी फर्म में करवा लिया। रित्विज का भाई भी विकास खंड सरसौल में खंड प्रेरक के पद पर और भाभी ग्राम पंचायत सचिव के पद पर तैनात हैं। इन सभी ने आपसी मिलीभगत से ग्राम पंचायतों में संचालित योजनाओं में ठेकेदारी कर सरकारी धन का गबन किया। सीडीओ ने डीडीओ, एडीपीआरओ और राज्य कर अधिकारी की टीम से सभी भुगतानों की जांच कराई थी। सीडीओ ने बताया कि खंड प्रेरक पर लगे आरोप सही मिले हैं। जवाब के लिए नोटिस भेजा गया है, उसके बाद कार्रवाई होगी। ब्यूरो