हर बार की तरह सघन मोहल्लों में बिजली चोरी के अभियान को फिर झटका लग गया। प्रशासन, पुलिस और केस्को का फौज-फाटा सघन मोहल्लों में घुसने से पहले हो-हल्ला और हंगामे पर बिना चेकिंग के लौट आईं। बेचारे बन कर कैंप लगाकर कनेक्शन देने की मांग पर मुहर लगाई और तुरंत लौटने का फैसला ले लिया गया।
इस तरह सोमवार को बैठक में जिलाधिकारी डॉ. रोशन जैकब और केस्को एमडी सेल्वा कुमारी जे के सघन मोहल्लों में घुसकर चेकिंग के दावे हवा-हवाई हो गए।
‘अमर उजाला’ ने भी कुछ दिन पहले यह मामला उठाते हुए यही कहा था। मंगलवार को एडीएम सिटी अविनाश सिंह, कई एसीएम, कई सीओ और केस्को की कई टीमें चमनगंज समेत अन्य सघन मोहल्लों में बिजली चोरी के खिलाफ अभियान चलाते हुए चेकिंग को निकली।
जैसे ही यह भारी फौज-फाटा रूपम चौराहे की तरफ पहुंचा तो करीब एक-डेढ़ हजार लोग अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों से निकलकर सड़क पर आ गए।
यह अफसरों, केस्को टीमों और पुलिस के वाहनों के पास आकर चुपचाप खड़े हो गए। लोगों की संख्या बराबर बढ़ती रही। कुछ लोगों ने हो-हल्ला और हंगामा भी शुरू कर दिया।
इस पर अफसरों को माहौल बिगड़ने का भय लगा तो पैर पीछे किए जाने लगे। लोगों से पूछा गया कि आखिर वह लोग क्या चाहते हैं तो सभी ने एक स्वर से कहा कि कैंप लगवाकर कनेक्शन दिए जाएं।
बाद में एडीएम सिटी ने लोगों को आश्वासन दिया कि कैंप लगवाकर कनेक्शन दिए जाएंगे। इस पर लोगों ने कहा कि पहले कनेक्शन दिलवाइए। उसके बाद चेकिंग कर लीजिएगा।
एडीएम सिटी अविनाश सिंह ने कहा कि केस्को से कैंप लगाकर कनेक्शन देने को कहा है। अभियान चलता रहेगा। चेकिंग सभी जगह होगी। चूंकि लोगों ने कनेक्शन लेने की बात कही है। इसलिए पहले कनेक्शन दिलवाए जाएंगे। केस्को चीफ इंजीनियर जेजी गुप्ता ने कहा कि सघन मोहल्लों में अभियान चलेगा।