औद्योगिक क्षेत्र चकेरी दो में केस्को विद्युत कनेक्शन नहीं दे रहा है। विद्युत कनेक्शन के लिए केबिल का खर्चा मांगा जा रहा है।
यहां पर बिजली खंभे कट रहे हैं और करोड़ों रुपये के उत्पादों की चोरी हो चुकी है लेकिन केस्को ने कोई एफआईआर भी नहीं कराई है।
यह बात जिला उद्योग केंद्र में हुई जिला उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों आनंद सिंह, अभिषेक शर्मा, दिनेश और निमेश अग्रवाल ने कही।
उन्होंने कहा कि पहले तो यह नहीं मालूम था कि विद्युत कनेक्शन के लिए कहां जाएं। इस दौरान अमर उजाला ने औद्योगिक क्षेत्र चकेरी की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
इसके बाद देहली सुजानपुर सब स्टेशन की जानकारी पर उद्यमियों ने वहां अपनी फाइल जमा की। इस पर एडीएम सिटी अविनाश सिंह ने उद्यमियों को एडीएम आफिस में दो जनवरी को बुलाया है।
औद्योगिक क्षेत्र पनकी साइट 2 और साइट 3 को जाने वाले मुख्य मार्ग पर धर्मकांटों की बढ़ोत्तरी की समस्या पर एसपी ग्रामीण और संबंधित विभाग के साथ सात जनवरी को बैठक कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
जिला उद्योग केंद्र के बाहर अतिक्रमण समस्या पर एडीएम सिटी ने कहा कि अगले सात दिनों के भीतर अतिक्रमण हटाकर सूचित करें।
दादा नगर के पार्क संख्या 165 बी पर किए जा रहे कब्जे के संबंध में उद्यमी को अभिलेखों सहित चार जनवरी को बुलाया गया है। एसीएम -7 से अभिलेखों का परीक्षण भी करवाया जाएगा।