कानपुर। केसीए की केडीएमए क्रिकेट लीग में शुक्रवार को हुए मुकाबलों में केएन टाइटंस, राइडर्स क्लब, रोवर्स क्लब, फ्रेंड्स यूनियन और बीवीएस टीम ने शानदार जीत दर्ज की। सभी मुकाबले अलग-अलग मैदान पर हुए।
श्यामनगर स्थित पीएसी मैदान पर हुए पहले मैच में केएन टाइटंस ने 40 ओवर में छह विकेट पर 251 रन बनाए। टीम से देवांश गुप्ता ने शानदार 101 और ऋषि ने 55 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में वसीम अहमद ने तीन और आर शिवा ने दो विकेट लिए। जवाब में एवरो क्लब 28.1 ओवर में 157 रन ही बना सका। टीम से शिवांश कुमार सिंह ने 56 और आर शिवा ने 53 रन बनाए। गेंदबाजी में सतीश यादव ने चार और ऋषि ने तीन विकेट लेकर टीम को जीत दिलाई।
राहुल सप्रू मैदान पर हुए दूसरे मैच में राइडर्स क्लब ने 36 ओवर में छह विकेट पर 350 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम से शिवांश त्रिपाठी ने 103, अमन ठाकुर ने 73 और लविश श्रीवास्तव ने 50 रन बनाए। गेंदबाजी में सौरभ ने दो विकेट लिए। वहीं खेरापति इलेवन की पूरी टीम 35.4 ओवर में 252 रन पर सिमट गई। टीम से रजत मिश्रा ने 83 और शशांक सिंह ने 54 रन बनाए। गेंदबाजी में शिवांश त्रिपाठी ने पांच और सचिन ने चार विकेट लिए।
किदवईनगर स्थित कानपुर साउथ मैदान पर हुए तीसरे मैच में केडीएमए की टीम ने 35.5 ओवर में 146 रन बनाए। टीम से सतनाम सिंह ने 58 रन जोड़े तो गेंदबाजी में अनमोल, युवराज ने तीन-तीन और देवांश ने दो विकेट लिए। वहीं रोवर्स क्लब ने 23.4 ओवर में सात विकेट पर 150 रन बनाकर तीन विकेट से जीत दर्ज की। टीम से आयुष ने 53 रन बनाए तो गेंदबाजी में आदर्श सिंह, अभिषेक तोमर और शिवम दीक्षित ने दो-दो विकेट लिए।
श्यामनगर स्थित आरपीसीए मैदान पर हुए चौथे मैच में फ्रेंड्स यूनियन क्लब ने 35.5 ओवर में 254 रन बनाए। टीम से अनुपम तिवारी ने 75 और आदर्श गुप्ता ने 50 रन बनाए। गेंदबाजी में अनुराग पाल व यशराज गुप्ता ने तीन-तीन व आदित्य ने दो विकेट लिए। वहीं कानपुर जिमखाना की टीम 15 ओवर में मात्र 90 रन पर सिमट गई। गेंदबाजी में अविनाश ने छह विकेट झटके।
पनकी स्थित रामलखन भट्ट मैदान पर हुए पांचवें मैच में सिटी क्लब ने 20.4 ओवर में 75 रन बनाए। टीम से आदित्य ने 18 व अनंत ने 15 रन बनाए। गेंदबाजी में अरशन अली ने चार विकेट लिए। वहीं बीवीएस टीम ने 17 ओवर में तीन विकेट पर 79 रन बनाकर सात विकेट से जीत हासिल की। टीम से अंश ने 31 और शुभम ने 25 रन बनाए। गेंदबाजी में शौर्य ने एक विकेट लिया।