कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) विकास दुबे के खजांची जय बाजपेई के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चला सकता है। शुक्रवार को प्राधिकरण उपाध्यक्ष ने प्रवर्तन विभाग की टॉप-40 अवैध निर्माणों की सूची लौटा दी। सूची में ‘खेल’ की आशंका थी।
वीसी ने सभी बड़े अवैध निर्माणों को शामिल करते हुए संशोधित सूची दो दिन में तलब की है। प्रयागराज में अतीक अहमद सहित अन्य माफियाओं की अवैध इमारतों को ढहाने के बाद यहां भी इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
शासन और कमिश्नर के निर्देश पर केडीए प्रत्येक जोन में 10 - 10 बड़े अवैध निर्माणों को बुलडोजर चलाने के लिए चिन्हित कर रहा है। प्रवर्तन प्रभारी डॉ. गुडाकेश शर्मा ने गुरुवार को प्राधिकरण उपाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह को चारों जोनों के 40 अवैध निर्माणों की सूची सौंपी थी।
प्राधिकरण सूत्रों के अनुसार वीसी ने इस सूची में कुछ चर्चित अवैध निर्माणों के नाम गायब देख नाराजगी जताई। उन्होंने सूची को लौटाते हुए कहा कि नए सिरे से निष्पक्ष रूप से हर जोन में 10 - 10 बड़े अवैध निर्माणों की सूची तैयार की जाए। सूची तैयार होेने के बाद ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया जाएगा।