कानपुर। केडीए ने बुधवार को बर्रा और देहली-सुजानपुर में बुलडोजर चलाकर 185 करोड़ की जमीन खाली कराई। बर्रा में भूमि पर कब्जा कर गैस एजेंसी, दुकानें संचालित की जा रही थीं, जबकि देहली सुजानपुर में प्लाटिंग करने के साथ कुछ पक्के मकान भी बनाए गए थे।
केडीए उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल के निर्देश पर प्रभारी अधिशासी अभियंता मयंक यादव ने बर्रा क्षेत्रीय केयूडीपी योजना के अंतर्गत प्राधिकरण के स्वामित्व की हॉस्पिटल उपयोग की 6000 वर्गमीटर जमीन कब्जे से मुक्त कराई। यहां गैस एजेंसी, मोटर रिपेयरिंग का गैराज, भवन निर्माण सामग्री की दुकानें संचालित हो रही थीं। इस जमीन की कीमत करीब 15 करोड़ रुपये बताई गई। अभियान में सहायक अभियंता सुधांशु श्रीवास्तव, अवर अभियंता रामदास, प्रवर्तन दस्ता, पुलिस मौजूद रही।
इसी तरह जोन-4 के अंतर्गत ग्राम देहली सुजानपुर की आराजी संख्या 1766, 1865, 1863, 2196, 2112, 2105, 2005, 2004, 1884 में लगभग 49,800 वर्गमीटर, ग्राम सनिगवां की आराजी संख्या 992, 256, 204, 209 में लगभग 16,000 वर्गमीटर, ग्राम अहिरवां की आराजी संख्या 1296, 1173 में लगभग 18,540 वर्गमीटर जमीन पर बुलडोजर चलाया।
केडीए के जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार के अनुसार यहां 84,340 वर्गमीटर भूमि कब्जों से मुक्त कराई गई, जिसकी कीमत 170 करोड़ रुपये है। इनमें से कुछ में पक्के मकान बन गए थे तो ज्यादातर में भूमाफिया ने अवैध प्लाटिंग की थी। अभियान में जोन चार की प्रभारी अधिकारी (भूमि बैक) डाॅ. अर्चना शर्मा, प्रभारी अधिकारी प्रवर्तन अतुल राय, तहसील सदर, भूमि बैक की टीम, पुलिस मौजूद रही।