पुखरायां। उत्तर प्रदेश विधानसभा में आयोजित विकसित भारत युवा संसद 2026 के तहत प्रदेश भर के छात्रों को ''''विकसित भारत 2047'''' के विजन पर अपने विचार रखने का मौका मिला। इसमें नगर स्थित आरएसजीयू पीजी कॉलेज की बीए तृतीय वर्ष की छात्रा कशिश कुशवाहा और कन्हैया ने संसदीय प्रक्रियाओं का अनुभव किया और शिक्षा, तकनीक तथा सामाजिक मुद्दों पर विचार रखे।
विधानसभा में चल रहे तीन दिवसीय कार्यक्रम में प्रदेश के कई जिलों के कॉलेजों से छात्र-छात्राओं को प्रतिभाग करने के लिए बुलाया गया था। इसमें पुखरायां से छात्रा कशिश कुशवाहा और छात्र कन्हैया ने प्रतिभाग किया। उन्हाेंने बताया कि छात्रों को लोकतंत्र, संसदीय कार्यवाही और 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना रहा। छात्रों को 3-3 मिनट में राष्ट्रवाद, नवाचार और सामाजिक सुधार पर विचार रखने का मौका मिला।
विजेताओं को संसद में अपनी बात रखने का मौका मिलेगा। विद्यालय के प्रबंधक श्रीप्रकाश द्विवेदी ने कहा कि विद्यालय के लिए यह बड़ी उपलब्धि है। दोनों प्रतिभागियों की विषय के प्रति गहन समझ, तार्किक प्रस्तुति तथा राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्ध चिंतन युवा शक्ति की सशक्त और प्रेरक पहचान है। छात्र–छात्राओं के लिए प्रेरणा स्रोत है। महाविद्यालय की ओर से शिक्षकों ने कशिश कुशवाहा व कन्हैया से विधानसभा में उत्कृष्ट साहभागिता एवं प्रस्तुति के लिए बधाई दी। उनके व्याख्यान के वीडियो कॉलेज में स्क्रीन पर चलाकर दिखाए गए।