कानपुर। यूपी टी-20 लीग के चौथे संस्करण के लिए काशी रुद्रास की टीम जमकर अभ्यास कर रही है। मंगलवार को जेके लोको मैदान में बारिश के बीच खिलाड़ियों ने क्षेत्ररक्षण और कैच पकड़ने का अभ्यास किया।
सुबह से हो रही बारिश के कारण बल्लेबाजी और गेंदबाजी का अभ्यास नहीं हो सका। कप्तान करन शर्मा की अगुवाई में खिलाड़ियों ने करीब दो घंटे तक रनिंग, वार्मअप और फिटनेस ड्रिल की। स्लिप कैच, हाई कैच और बाउंड्री कैच का अभ्यास कर फील्डिंग कौशल को निखारा। मुख्य कोच ध्रुव सिंह, बल्लेबाजी व गेंदबाजी कोच उबैद कमाल के साथ ही फील्डिंग कोच जावेद अनवर ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का बारीकी से आकलन किया। साथ ही टीम प्रबंधन ने कोचिंग स्टाफ, कप्तान के साथ संभावित टीम संयोजन और मैच रणनीति पर भी मंथन किया।
उपेंद्र यादव ने किया विकेटकीपिंग का अभ्यास
शहर के उपेंद्र यादव ने विकेटकीपिंग का अभ्यास किया। फील्डिंग कोच ने उन्हें विकेट के पीछ़े और पहली स्लिप के स्थान तक कैच करवायीं, जिनको उन्होंने बखूबी पकड़ा। उपेंद्र यादव पहले यूपी के लिए रणजी खेल चुके हैं और वर्तमान में रेलवे में नौकरी करने के साथ ही वहां रणजी खेलते हैं।