कानपुर देहात। किशोरी का शव बाग में मिलने के बाद परिवार के लोगों ने करन भदौरिया पर हत्या के आरोप लगाए थे। पुलिस ने बारीकी से छानबीन कर साक्ष्य जुटाए। दोपहर बाद करन को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई।
घटना के बाद से ही पुलिस परिजन द्वारा लगाए आरोपों के साथ कई बिंदुओं पर जांच में जुट गई थी। वहीं एसपी ने मौके पर पहुंच कर सर्विलांस, एसओजी समेत थाना पुलिस को खुलासे के लिए लगा दिया। पुलिस ने दोपहर बाद करन को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने किशोरी से प्रेम संबंध होने की बात बताई।
थानाध्यक्ष शिवली प्रवीण कुमार ने बताया कि वह छुट्टी पर हैं। मगर आरोपी से थाना पुलिस ने पूछताछ की है। उसने पूछताछ में बताया कि उसके मृतका के साथ संबंध थे। उसे शक था कि वह किसी और से बात कर रही है। इसी को लेकर उसने बुधवार शाम को उसे मिलने के लिए बुलाया था। जब वह वहां पहुंची तो किसी और से बात करने की बात को लेकर विवाद हो गया। उसने उसे थप्पड़ भी जड़ दिए। इससे वह नाराज होकर झगड़ा करने लगी। गुस्से में आकर उसने उसके गले में पड़े दुपट्टे से गला कस दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी ने गला कसने की बात स्वीकारी है, मगर पुलिस अभी भी कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
..................पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी स्थिति
आरोपी के हिरासत में आने के बाद पुलिस ने किशोरी की हत्या के मामले में काफी हद तक गुत्थी सुलझा ली है। इधर परिवार के लोगों द्वारा दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने के आरोप व अन्य लोगों के शामिल होने को लेकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का सही कारण व अन्य जानकारी स्पष्ट हो सकेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
......................
घटनास्थल से फोरेंसिक टीम उठाई दो जोड़ी चप्पल
रनियां। मैथा के पास एक गांव में सागौन बगीचे में किशोरी का शव पड़ा मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। इसके बाद साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेसिक टीम मौके पर पहुंच बारीकी से जांच पड़ताल की। मौके से टीम को पुरुष की एक जोड़ी चप्पल और किशोरी की एक जोड़ी चप्पल बरामद की। किशोरी के पैर में चप्पल थी, जबकि दूसरी चप्पल शव के पास पड़ी थी। (संवाद)
.....................
नहीं मिला किशोरी का मोबाइल
पुलिस को परिवार के लोगों ने बताया कि किशोरी बुधवार शाम को शौंच के लिए निकली थी तब उसके पास फोन था। देर शाम से फोन बंद जा रहा है। घटना स्थल पर भी पुलिस को उसका मोबाइल नहीं मिला। परिवार के लोग मोबाइल फोन से कई राज खुलने की बात कहते रहे।
.......................
साढ़े पांच घंटे के बाद उठा किशोरी का शव
सागौन के बाग में शव मिलने के बाद परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश था। उनका कहना था कि जब तक आरोपी नहीं पकड़ा जाता तब तक शव नहीं उठने देंगे। पुलिस के काफी समझाने के बाद परिजन नहीं माने। इसके बाद बीएसपी के मुख्य मंडल प्रभारी अजय गोयल फौजी, जिलाध्यक्ष ज्ञान चंद्र सिंह, वीरेंद्र बहुजन, युवराज सिंह, शिवपाल सिंह, राम दुलारे कमल मौके पर पहुंचकर परिवार के लोगों शांत कराया। करीब साढ़े पांच घंटे के बाद ढाई बजे शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।