फिल्मों और ओटीटी प्लेटफार्म पर अपने टैलेंट का जलवा बिखेर रहे कानपुर के उभरते कलाकार और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कपिल कनपुरिया (कपिल शुक्ला) ने अपनी अदाकारी में कनपुरिया बोली का दामन कभी नहीं छोड़ा। उनका कहना है कि इसी कनपुरिया अंदाज के बलबूते अभी तक उनकोा सफलता मिली है।
विज्ञापन
अमर उजाला से बातचीत में कपिल ने बताया कि उनके करियर में टर्निंग पॉइंट तब आया जब उनकी बाइक सर्विस वाली एक रील सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हो गई। इस रील में उनके स्वाभाविक अभिनय को देखकर प्रोड्यूसर सचिन पांडे प्रभावित हुए और उन्होंने बुलावा भेजा। इस एक रील ने सीधे ओटीटी की दुनिया में एंट्री दिला दी। कपिल ने बताया कि ऐसे ही उन्हें पहली वेबसीरीज- ठुकरा के मेरा प्यार, मिल गई और अब 19 जून को उसका दूसरा पार्ट भी आ रहा है, जिसमें वे फिर निगेटिव रोल में नजर आएंगे। कपिल ने बताया कि रील के लिए वे कंटेंट अपने ही घर परिवार और रिश्तेदारों के बीच से निकाल लेते हैं।
Trending Videos
बंधकर नहीं कर सकता काम
कपिल ने बताया कि पहले पार्ट के हिट होने के बाद उन्हें एक टीवी सीरियल के मुख्य रोल और लेखक के लिए भी ऑफर आया लेकिन वे बंधकर काम नहीं करना चाहते, इसलिए मना कर दिया। सोशल मीडिया पर मशहूर होने से पहले उन्हें एक वेबसीरीज भी मिली थी लेकिन वो रिलीज नहीं हुई। कपिल ने बताया कि शहर में आज जो रील्स चल रही हैं, उनमें अश्लीलता और गाली-गलौज धड़ल्ले से परोसी जा रही है लेकिन हम ऐसी चीजें देखना पसंद नहीं करते। हमारी ऑडियंस के लिए अश्लीलता का कंटेंट नहीं चलता है। उन्होंने हेटर्स या नेगेटिव कमेंट करने वालों के लिए कहा उन्हें ब्लॉक करो। क्योंकि अगर 5 नेगेटिव कमेंट्स आते हैं तो 95 पॉजिटिव कमेंट्स भी मिलते हैं, जो उनका हौसला बढ़ाते हैं।
शराब का गिलास दूध के गिलास में बदलवा दिया
कपिल ने कहा कि आज के डिजिटल दौर में ओटीटी प्लेटफॉर्म्स और सोशल मीडिया पर व्यूज बटोरने के लिए गालीगलौज और अश्लीलता का सहारा लेना आम बात हो गई है लेकिन वे गाली देने वाले रोल कभी नहीं कर सकते। इसके लिए उन्होंने कई रोल छोड़ दिए। एक वेबसीरीज में उनका कैरेक्टर शराब का गिलास पकड़ कर पीने का था लेकिन उसे उन्होंने दूध के गिलास में बदलवा दिया।
मनोज बाजपेयी और अनुराग कश्यप संग काम करने की इच्छा
अपनी कला और किरदारों के बारे में बात करते हुए कपिल ने बताया कि जल्द ही उनकी फिल्म- दिल चीर के देख, आने वाली है, जिसमें हारे हुए सभासद का किरदार निभाया है, जो कहानी में आगे चलकर विधायक बनता है। उनका वास्तविक जुड़ाव अयोध्या से है। फिल्म के लिए उन्होंने वजन कम किया। शहर के ही एक हारे हुए सभासद के साथ समय बिताया और कुछ दिन अयोध्यावासियों के साथ रहकर वहां का रहन सहन बोलचाल सीखी। कपिल ने कहा कि वे अभिनेता मनोज बाजपेयी और डायरेक्टर अनुराग कश्यप के साथ काम करना चाहते हैं। उनका मानना है कि वह इस तरह के संजीदा सिनेमा का हिस्सा बनकर दर्शकों के बीच अपनी एक अलग और मजबूत पहचान बनाना चाहते हैं। अनुराग की फिल्मों में गाली के किरदारों को लेकर कहा कि वो जमीन से जुड़े हुए बिल्कुल वास्तविक होते हैं। भले ही उनमें गाली हो लेकिन वो स्कि्रप्ट की डिमांड होते हैं । अगर उस तरह के रोल मिल जाएंगे तो वे कर लेंगे क्योंकि मुख्य सिनेमा और उनकी पब्लिक अलग-अलग है।